काजल को शांता से ज्यादा प्यार है तो भाजपा में शामिल हों जाएं : चंद्र

punjabkesari.in Friday, May 22, 2015 - 11:32 PM (IST)

कांगड़ा: अन्य पिछड़ा वर्ग एवं वित निगम के अध्यक्ष पूर्व सांसद चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि केन्द्र सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। तत्कालीन मुख्यमंत्री शांता कुमार ने 1992 में कांगड़ा के तहसील चौक में बचत भवन बनाने के लिए शिलान्यास किया था जो आज भी कंटीली तारों के बीच जकड़ा हुआ है। इस दौरान प्रदेश में 2 बार भाजपा की सरकारें आईं लेकिन शांता कुमार के सपनों को साकार नहीं कर पाईं। अब वर्तमान आजाद विधायक पवन काजल और कांग्रेस के कुछ मंत्री इस शिलान्यास को अमलीजामा पहनाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन लोगों को अगर शांता कुमार से ज्यादा ही प्यार है तो वह भी भाजपा में शामिल हो जाएं।

चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस भूमि अधिग्रहण बिल को सिरे से खारिज करके इसका विरोध कर रही है और गरीब किसानों, मजदूरों व पिछड़े व निचले वर्ग के लोगों के हक के लिए आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस 21 से 26 मई तक हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में पदयात्रा निकाल कर लोगों को इस बिल के बारे में अवगत करवाएगी। चौधरी चन्द्र कुमार ने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग एवं वित्त निगम का बजट 2014-15 में 11 करोड़ रुपए से बढ़कर 13 करोड़ रुपए हो गया है। इस बार 2014-15 में डिफाल्टर ऋणदाताओं से 4 करोड़ 71 लाख रुपए और 800 अन्य डिफाल्टर लोगों को ऋण वसूली के नोटिस भेजे गए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News