विदुर नीति: ये 6 चीजें व्यक्ति को बनाती हैं भाग्यशाली, जीवनभर मिलता है सुख

punjabkesari.in Friday, Mar 24, 2017 - 10:51 AM (IST)

महाभारत में प्रत्येक व्यक्ति महान अौर अद्भुत था। इसी प्रकार विदुर भी परम ज्ञानी और महान इंसान थे। विदुर हस्तिनापुर राज्‍य के शीर्ष स्‍तंभों में से एक अत्‍यंत नीतिपूर्ण, न्‍यायोचित सलाह देने वाले माने गए है। विदुर ने कई नीतियों का उल्लेख किया है। जिन पर अमल करने से व्यक्ति सुख अौर प्रसन्नता से अपना जीवन यापन कर सकता है। विदुर ने बताया है कि जिन लोगों के पास ये 6 चीजें होती है वे भाग्यशाली होते हैं। 

अर्थोगमो नित्यमरोगिता च, प्रिया च भर्या प्रियवादिनी च।
वश्यच्श्र पुत्रोर्थकरी च विद्या, षड् जीवलोकस्य सुखानी राजन्।।

कार्य

व्यक्ति को अपनी जरुरतों को पूरा करने के लिए कार्य करना पड़ता है। जिस व्यक्ति के पास आय के साधन होते हैं, उसका जीवन बहुत सुखी होता है। धन की कमी होने पर व्यक्ति को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वह अपनी जरुरतों की पूर्ति के लिए गलत रास्ते पर चलने के लिए मजबूर हो जाता है। ऐसे में कई बार लोग इस प्रकार के काम कर लेते हैं, जिसके कारण उन्हें जीवनभर पछताना पड़ता है। जिसके पास आय के साधन होते हैं उन्हें खुद को भाग्यशाली मानना चाहिए।

निरोगी काया
जो व्यक्ति रोगों से बचा रहता है वह भी बहुत भाग्यशाली होता है। रोगों से ग्रसित व्यक्ति की शारीरिक और मानसिक दोनों ही शक्तियां नष्ट हो जाती हैं। बार-बार बीमार होने से धन का भी नुक्सान होता है। जिसके कारण उसे कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। 

अच्छे आचरण वाली स्त्री
स्त्री घर की लक्ष्मी होती है। घर को स्वर्ग अौर नरक बनाना स्त्री के ही हाथ में होता है। जिसकी स्त्री अच्छे स्वभाव अौर आचरण की होती है, वह मनुष्य सदैव प्रसन्न रहता है। इस प्रकार की स्त्री के घर में प्रेम व धन-ऐश्वर्य बना रहता है।

मीठी वाणी
कहा जाता है कि मीठी वाणी में मां सरस्वती का वास होता है। जो स्त्री मीठा बोलती है उससे मां सरस्वती प्रसन्न रहती हैं। बुरे अौर कठोर वचन बोलने वाली स्त्री का स्वभाव भी बुरा होता है। जिसके कारण घर में अशांति का वातावरण बना रहता है। 

आज्ञाकारी संतान
जिन लोगों की संतान आज्ञाकारी होती है वह भाग्यशाली होते हैं। आज्ञाकारी बच्चे परिवार के साथ-साथ अपने कुल का भी नाम रोशन करते हैं। बुरी संतान कुल का नाश कर देती है। जिनकी संतान आज्ञाकारी होती है वह सुखी रहता है। 

ज्ञान
व्यक्ति की सबसे बड़ा धन उसका ज्ञान होता है। छल अौर बल से सब कुछ छीना जा सकता है लेकिन ज्ञान ही एक ऐसी चीज है जिसे कोई छीन नहीं सकता। ज्ञान व्यक्ति के साथ सदैव रहता है।विपरीत परिस्थितियों में भी ज्ञान व्यक्ति की आय का साधन बनता है। जिस व्यक्ति के पास ज्ञान अौर कला होती है वह भाग्यशाली होता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News