जालंधर बीच के पास स्थापित हैं 5 शिवलिंग, प्रकृति अर्पित करती है जल

punjabkesari.in Saturday, Jul 08, 2017 - 03:56 PM (IST)

दमन और दीव  
यह अरब सागर में स्थित द्वीप समूह है। यह केंद्र शासित राज्य है और इसकी राजधानी दमन है। पहले यह पुर्तगालियों के कब्जे में था। 1961 में गोवा के साथ-साथ दमन को भी पुर्तगालियों से मुक्त करवाया गया था। 1987 में इसे केंद्र शासित राज्य का दर्जा दिया गया।


गंगेश्वर मंदिर 
यह दीव से 3 कि.मी. की दूरी पर फादुम गांव में है। गंगेश्वर का तात्पर्य भगवान शिव के उस रूप से है, जोकि जटा में गंगा को समेटे हुए हैं। यह भगवान शिव का अति प्राचीन मंदिर है। यहां 5 शिवलिंग हैं, जिन पर अरब सागर का जल स्वत: अर्पित होता रहता है। मान्यता है कि पांडवों ने 13 वर्ष के वनवास के दौरान मंदिर का निर्माण किया था।  


दीव का किला 
सन 1535 में इस किले का निर्माण करवाया गया था। इसे ‘पुर्तगाली किला’ भी कहा जाता है। यह तीन आेर से समुद्र से घिरा है। किले से समुद्र की छटा देखते बनती है। 


पानी कोठा
समुद्र के बीचों-बीच स्थित यह खूबसूरत किला है और जहाज के रूप में है। इसके निकट ही संत पॉल चर्च है, संत थॉमस चर्च, संत  फ्रांसिस चर्च तथा म्यूजियम आदि दर्शनीय हैं। यहां समुद्र में वाटर स्पोट्रस की सुविधा भी है।


सुगम है रास्ता 
गुजरात के लगभग सभी बडे़ शहरों से सोमनाथ तक सीधी बस सेवा है। सोमनाथ का मुख्य रेलवे स्टेशन वेरावल है, जो सोमनाथ से 6 कि.मी. की दूरी पर है। रेल सेवा कम हैं। अधिकतर लोग सड़क मार्ग से बस, टैक्सी या निजी वाहन से आते हैं। सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट की आेर से ठहरने के लिए धर्मशाला, अतिथिगृह, भोजनालय आदि भी हैं। होटल भी हैं परंतु यात्रियों की संख्या को देखते हुए इनकी संख्या कम है।


दीव में ‘जालंधर बीच’
जालंधर सिर्फ पंजाब में ही नहीं है, दीव में भी ‘जालंधर बीच’ है। यह काफी साफ-सुथरी जगह है। इसके बारे में प्रचलित है कि भगवान विष्णु ने जालंधर नाम के दानव का यहां वध किया था। आई.एन.एस. खुखरी मैमोरियल ‘जालंधर बीच’ के निकट ही है। ठहरने के लिए होटलों का यहां अच्छा प्रबंध है। यहां से नागोआ बीच भी निकट ही है। दीव से 20 मिनट के सफर में यहां पहुंच सकते हैं। घोड़े की नाल के आकार में यह सैमी सर्कुलर तट है। नायडा गुफा भी जालंधर बीच के निकट है। गुफा के लिए सड़क से नीचे उतरते हैं। गुफा के अंदर दृश्य बेहद खूबसूरत है। रोशनी की व्यवस्था गुफा में बहुत अच्छी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News