हाथों की लकीरों से जानें पैसों के साथ मिलेगा मान-सम्मान या समाज में बनेगा खास मुकाम

punjabkesari.in Monday, Mar 05, 2018 - 08:15 AM (IST)

हथेली में सूर्य रेखा बताती है कि व्यक्ति को पैसों के साथ मान-सम्मान मिलेगा या नहीं। सूर्य रेखा अनामिका उंगली (रिंग फिंगर) के ठीक नीचे वाले भाग यानी सूर्य पर्वत पर होती है। सूर्य पर्वत पर जो रेखा खड़ी अवस्था में होती है, वह सूर्य रेखा कहलाती है। यदि किसी व्यक्ति के हाथ में यह रेखा दोष रहित हो तो व्यक्ति को घर-परिवार और समाज में मान-सम्मान के साथ ही धन भी प्राप्त होता है। यह रेखा सभी लोगों के हाथों में नहीं होती।


सूर्य रेखा सूर्य पर्वत से हथेली के निचले हिस्से मणिबंध या जीवन रेखा की ओर जाती है। सूर्य रेखा यदि दूसरी रेखाओं से कटी हुई हो या टूटी हुई हो तो इसका शुभ प्रभाव समाप्त हो सकता है।


हथेली में भाग्य रेखा से निकल कर सूर्य रेखा अनामिका उंगली की ओर जाती है तो यह भी शुभ स्थिति होती है। इसके प्रभाव से व्यक्ति बहुत नाम और पैसा कमा सकता है।


यदि किसी व्यक्ति के हाथ में मणिबंध से अनामिका उंगली तक सूर्य रेखा है तो यह बहुत शुभ मानी जाती है। ऐसे लोग जीवन में बहुत कामयाब होते हैं और काफी धन लाभ प्राप्त करते हैं।


यदि किसी व्यक्ति की हथेली में जीवन रेखा से निकलकर सूर्य रेखा अनामिका उंगली (रिंग फिंगर) की ओर जाती है तो यह रेखा व्यक्ति को भाग्यशाली बनाती है। ऐसे लोग जीवन में सभी सुख और सुविधाओं के साथ मान-सम्मान भी प्राप्त करते हैं।


सूर्य रेखा चंद्र पर्वत से निकली हो तो यदि किसी व्यक्ति के हाथ में चंद्र पर्वत से निकलकर कोई रेखा सूर्य पर्वत की ओर जाती है तो यह भी सूर्य रेखा ही कहलाती है। चंद्र पर्वत हथेली में अंगूठे के ठीक दूसरी ओर अंतिम भाग को कहते हैं। यहां से रेखा निकल कर अनामिका उंगली की ओर जाती है तो व्यक्ति की कल्पना शक्ति बहुत तेज रहती है। इन लोगों की भाषा पर अच्छी पकड़ रहती है।


सूर्य रेखा पर बिंदू हो तो
सूर्य रेखा पर बिंदू हो तो यह अशुभ संकेत है। ऐसी रेखा वाले व्यक्ति की बदनामी होने का डर रहता है। यदि बिंदू एक से अधिक तथा अधिक गहरे हों तो यह स्थिति समाज में अपमानित होने का योग बनाती है। इसलिए ऐसी रेखा वाले व्यक्ति को सावधानीपूर्वक काम करना चाहिए।


सूर्य रेखा की शाखाएं
यदि सूर्य रेखा से छोटी-छोटी शाखाएं निकल रही हों और वे ऊपर उंगलियों की ओर जा रही हों तो यह शुभ होता है।


यदि शाखाएं नीचे की ओर जा रही हों तो ये सूर्य रेखा को कमजोर करती हैं।


सूर्य रेखा लहरदार हो तो
यदि किसी व्यक्ति के हाथ में सूर्य रेखा लहरदार होती है तो व्यक्ति किसी भी काम को पूरी एकाग्रता के साथ नहीं कर पाता। यदि यह रेखा बीच में से लहरदार हो और सूर्य पर्वत पर सीधी एवं सुंदर हो जाए तो व्यक्ति किसी विशेष कार्य में उपलब्धियां हासिल करता है।


सूर्य रेखा पर क्रॉस हो तो
यदि सूर्य रेखा पर क्रॉस हो तो व्यक्ति को जीवन में कई बार दुखों का सामना करना पड़ता है। ऐसे लोग कठिनाइयों के साथ काम को पूरा करते हैं, लेकिन उन्हें उचित लाभ नहीं मिल पाता है।


जब सूर्य रेखा के साथ हों दूसरी रेखाएं भी
यदि किसी व्यक्ति के हाथ में सूर्य के साथ ही एक या एक से अधिक खड़ी रेखाएं दिखाई दे रही हों तो ये रेखाएं सूर्य रेखा के शुभ प्रभावों को और अधिक बढ़ा देती हैं। ऐसी रेखाओं के कारण व्यक्ति समाज में प्रसिद्ध होता है और धन प्राप्त करता है।


लम्बी सूर्य रेखा से ज्यादा लाभ 
हथेली में सूर्य रेखा जितनी लम्बी और स्पष्ट होती है, उतना अधिक लाभ देती है और व्यक्ति बुद्धिमान होता है। ऐसा व्यक्ति घर-परिवार के साथ ही समाज में भी एक खास मुकाम हासिल करता है।


जिनके हाथों में सूर्य रेखा गुरु पर्वत तक जाती है। इंडेक्स फिंगर (तर्जनी उंगली) के नीचे वाला भाग गुरु पर्वत कहलाता है। गुरु पर्वत पर पहुंचकर सूर्य रेखा के अंत में यदि किसी तारे का निशान बना हो तो व्यक्ति राज्य का बड़ा अधिकारी हो सकता है।


हथेली में सूर्य रेखा न हो तो
यदि किसी व्यक्ति के हाथ में सूर्य रेखा न हो तो इसका मतलब यह नहीं कि व्यक्ति जीवन में सफल नहीं होगा। सूर्य रेखा कुछ लोगों के हाथों में नहीं होती। यह रेखा जीवन में व्यक्ति की सफलता को आसान बनाती है। सूर्य रेखा न होने पर व्यक्ति को परिश्रम अधिक करना पड़ सकता है, लेकिन व्यक्ति सफल भी हो सकता है। हथेली में सूर्य रेखा न हो और अन्य रेखाओं का प्रभाव शुभ हो तो व्यक्ति जीवन में उल्लेखनीय कार्य कर सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News