विदुर नीति: प्रत्येक काम में होना चाहते हैं निपुन, तो इन 4 बातों को कभी न भूलें

punjabkesari.in Thursday, Feb 15, 2018 - 12:02 PM (IST)

हिंदू ग्रंथों में दिए जीवन-जगत के व्यवहार में राजा और प्रजा के दायित्वों की विधिवत नीति की व्याख्या करने वाले महापुरुषों में महात्मा विदुर सुविख्यात हैं। उनकी विदुर-नीति वास्तव में महाभारत युद्ध से पूर्व युद्ध के परिणाम के प्रति शंकित हस्तिनापुर के महाराज धृतराष्ट्र के साथ उनका संवाद है। इस दौरान इन्होंने कई नीतियों के बारें में बताया। इनकी बताई नीतियां न केवल उस समय में उपयोगी थी, बल्कि आज के समय में भी उतनी ही उपयोगी मानी जाती हैं। व्यक्ति के जीवन की हर तरह की समस्या का हल इनकी रचित नीतियों में मिलता है। तो आईए आज आपको इनकी एेसी नीति के बारे में बताएं जिनको ध्यान में रखने से प्रत्येक क्षेत्र में सफलता पा सकता है।


श्लोक
निश्चित्य यः प्रक्रमते नान्तर्वसति कर्मणः।
अबन्ध्यकालों वश्यात्मा स वै पण्डित उच्यते।।


निश्चय कर ही शुरु करें कार्य
किसी भी कार्य की शुरूवात करने से पूर्व, उसके बारे में पूरी तरह से मन बनाना बहुत ही जरूरी होता है। बिना मन से काम के लिए निश्चय या बिना सोचे-समझे शुरू किया गया काम कभी भी संपन्न नहीं किया जा सकता। विदुर के अनुसार, किसी भी काम में महारथ हासिल करने के लिए उसे शुरू करने से पहले उसके बारे में पूरी तरह से तैयारी करलें और उसे सफल करने का निश्चय करें। ऐसा करने से आपको उस काम में सफलता पाने से कोई नहीं रोक सकता।


किसी भी कारण से काम को न रोकें
कई लोग जोश और उत्साह में आकर कार्य शुरू कर लेते हैं, लेकिन कुछ समय बाद उनकी दिलचस्पी उस काम से कम होने लगती है और वे काम को बीच में ही छोड़ देते हैं। किसी भी काम में व्यक्ति का एेसा व्यवहार असफलता का कारण बन सकती है।  इसलिए, ध्यान रखें कि चाहे कारण कोई भी हो, अपने निश्चय पर अड़े रहें और काम को पूरा किया बिना उसे छोड़े नहीं।


समय की कीमत को समझें
किसी भी मनुष्य को सफल या असफल बनाने में समय का सबसे बड़ा हाथ होता है। जो मनुष्य समय की कीमत समझता है, वह किसी भी काम को बड़ी ही आसानी से कर जाता है। समय को व्यर्थ करने वाला मनुष्य कभी भी जीवन में ऊंचाई या सफलता नहीं पा सकता। इसलिए अगर आप किसी कला या काम में निपुन बनना चाहते हैं तो अपने आप को पूरी तरह से समर्पित कर दें। किसी भी अन्य गतिविधि में समय को बरबाद न करें।


मन को रखें वश में
मन को वश में रखना मनुष्य के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती होती है। हर किसी का मन बहुत ही चंचल होता है, वे एक जगह या एक काम पर टिक नहीं पाता। जो मनुष्य अपने मन और अपनी इच्छाओं को वश में नहीं रख पाता, वह किसी भी काम में सफल नहीं हो पाता। जीवन में सफलता पाने के लिए अपनी अनावश्यक इच्छाओं को वश में रख कर, पूरी तरह से अपने काम के प्रति समर्पित होना बहुत जरूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News