दुल्हन के हाथों में लगी मेहंदी, शादी वाले दिन आया एक फ़ोन और फिर नहीं आई बारात

punjabkesari.in Wednesday, Nov 08, 2017 - 02:07 PM (IST)

खरड़ (मोहाली), अमनदीप : मार्च में सगाई होने के बाद 5 नवंबर को शादी की तारीख पक्की हो गई, उसके बाद शादी की सब तैयारियां भी हो गईं। शादी का पैलेस भी बुक हो गया और दुल्हन के हाथों में मेहंदी भी सज गई। लेकिन इस मेहँदी का रंग उस वक़्त फीका हो गया, जब शादी वाले दिन ससुराल वालों का फ़ोन लड़की के परिवार वालों को आया। फ़ोन पर लड़के के पिता ने बारात लाने से इंकार कर दिया और इसकी जो वजह उन्होंने बताई वो सबको हताश कर गई।  

 

लड़की के पिता गुरचरण सिंह व माता मलकीत कौर ने बताया कि उन्होंने इसी साल मार्च में जिला होशियारपुर के गांव आलमपुर में कश्मीर सिंह के लड़के रणजीत सिंह के साथ अपनी लड़की का रिश्ता किया था। रणजीत सिंह अमरीका के शहर न्यूयार्क में पक्के तौर पर रहता है। उन्होने बताया कि विवाह की तारीख 5 नवंबर तय की गई थी और विवाह की सारी तैयारियां हो चुकी थी। खरड़ में पैलेस भी बुक करवा लिया था। इसके अलावा सभी रिश्तेदार भी विवाह समारोह में भाग लेने के लिए पहुंच चुके थे। उन्होंने बताया कि शादी वाले दिन लड़के के पिता ने उन्हें फोन कर बताया कि वह अपने लड़के की बारात लेकर नहीं आ रहे हैं। लड़के के पिता कश्मीर सिंह ने बताया कि लड़का अपने परिवार में किसी को बताए बिना ही अमरीका जा चुका है। 

 

लड़की के परिजनों ने इसकी सूचना सिटी पुलिस खरड़ को दी जिस पर पुलिस ने लड़के के पिता कश्मीर सिंह को बुलाया। इस बारे में थाना सिटी के एएसआई निधान सिंह ने संपर्क करने पर बताया कि दोनो परिवारों का एक लंबी बातचीत के बाद आपस में समझौता हो गया है। जिस कारण कोई कानूनी कारवाई नहीं की गई है। 

 

मालूम हो कि आज कल लड़की के माता-पिता अपनी बेटी के बेहतर भविष्य के लिए उसकी शादी एनआरआई लड़की के साथ कराने की होड़ में लगे रहते हैं, पर एनआरआई लड़के उनके मान को दांव पर लगा कर लड़कियों और उनके परिजनों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं और उन्हें पूछने वाला कोई भी नहीं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News