एक ही दिन में करोड़पति बना संवाद थिएटर ग्रुप

punjabkesari.in Wednesday, May 10, 2017 - 07:32 AM (IST)

चंडीगढ़ (रमेश): 7 देश के सबसे बड़े राष्ट्रीयकृत बैंक पंजाब नैशनल बैंक में एक थिएटर ग्रुप के सेविंग खाते में किसी अज्ञात के खाते से एक करोड़, 31 लाख, 9 हजार, 968 रुपए की भारी भरकम राशि ऑनलाइन ट्रांसफर हो गई, जिसका पता उन्हें तब चला जब वह आई.टी.आर. जमा करवाने गए। हैरानी इस बात की है कि डेढ़ माह बीत जाने पर भी न तो बैंक ने न ही किसी और ग्राहक ने बैंक आकर अभी तक क्लेम ही किया है। संवाद थिएटर ग्रुप के मुकेश शर्मा ने बताया कि उनके ग्रुप संवाद थिएटर का खाता पंजाब नैशनल बैंक की मनीमाजरा (एन.ए.सी.) में स्थित शाखा में है, जिसका नंबर 4462000100012132 है, जिसमे बैलेंस हजारों में ही रहता है। 

 

27 मार्च, 2017 को किसी के खाते से हमारे खाते में आर.टी.एस.एस. (ऑनलाइन ट्रांजैक्शन) की मार्फत 1.31 करोड़ से अधिक की नकदी ट्रांसफर हुई, जिसका पता उन्हें दो दिन पहले तब चला जब वह ग्रुप की रिटर्न फाइल करने अकाऊंटैंट के पास गए। अकाऊंटैंट ने एक करोड़, 31 लाख, 9 हजार, 968 रुपए की राशि का हिसाब मांगा और इतनी बड़ी राशि का सोर्स बताने को कहा, यह सुन उनके होश उड़ गए, क्योंकि उक्त राशि उन्होंने कभी जमा ही नहीं करवाई थी। '

 

कई तरह के ख्याल आए मन में लेकिन ईमान ने रोक लिया 
मुकेश के अनुसार इतनी बड़ी राशि उनके खाते में थी जिसके बाद मन में कई ख्याल आए सोचा पैसे निकालकर किसी दूसरे खाते में रख लिए जाएं, फिर सोचा कोई संपत्ति खरीद ली जाए या फिर थिएटर के उत्थान के लिए पैसे खर्च कर लिए जाएं। एक दोस्त ने कहा कि जब तक कोई क्लेम नहीं करता तब तक ब्याज ही लेते रहो, जोकि प्रतिमाह करीब एक लाख बनता है लेकिन ईमान ने इसकी इजाजत नहीं दी। यदि मुकेश चाहता तो उक्त राशि को किसी भी समय निकाल सकता था लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया और मंगलवार को बैंक जाकर बैंक प्रबंधक को शिकायत दी है और उक्त राशि जिस व्यक्ति के खाते से ट्रांसफर हुई है उसमें वापस डालने को कहा है। 

 

कभी दो लाख से अधिक नहीं रहा खाते में बैलेंस 
मुकेश के अनुसार यह खाता संवाद थिएटर ग्रुप का है, जब भी किसी नाटक या अन्य कार्यक्रम से पैसा मिलता है या कोई डोनेशन आती है तो इसी खाते में जमा होती है और साथ-साथ निकाल ली जाती है, इतनी बड़ी रकम के बाद रातों-रात हमारा ग्रुप करोड़पति बन गया है, चाहे पैसा किसी दूसरे का क्यों न हो।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News