सांसद किरण खेर ने छोटी कक्षाओं से थिएटर व संगीत की कक्षाएं शुरू करने का किया आह्वान

punjabkesari.in Tuesday, May 23, 2017 - 12:37 AM (IST)

चंडीगढ़, (राय): शहर की सांसद किरण खेर ने सोमवार को शहर के स्कूलों में छोटी कक्षाओं से थिएटर व संगीत की कक्षाएं शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने डी.पी.आई. (स्कूल) रुपिंद्रजीत सिंह बराड़ से कहा कि वह स्कूलों में थिएटर व संगीत की कक्षाएं शुरू करवाएं ताकि बच्चे इस क्षेत्र में आगे तक जाएं। साथ ही उन्होंने स्कूलों में सोशल रिस्पांसिबिटी का विषय पढ़ाई में शामिल करने को कहा। उन्होंने कहा कि आजकल स्कूलों में सोशल रिस्पांसिबिलिटी सिखाई जानी बेहद जरूरी है।

 धनास की पुनर्वास कालोनी में सरकारी स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वह जब स्कूल में पढ़ती थीं तो उनके समय में मॉरल साइंस एक विषय होता था। यह विषय बच्चों को पढ़ाया जाना चाहिए। इसके साथ ही बच्चों को संगीत व थिएटर भी पढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वंचित परिवारों से आने वाले बच्चे वे खुद को व्यक्त नहीं कर पाते हैं जिससे उनके अंदर छिपी काबिलियत ठीक से विकिसत नहीं हो पाती है। इस तरह से जब बच्चों को क्रिएटिव तरीके से पढ़ाया जाएगा तो उनकी काबिलियत सामने आएगी जिससे उन्हें आगे बढऩे में मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों के दिमाग खोलने होंगे।

स्थानीय पानी की समस्या से निकलकर अपने बच्चों को दुनिया में जो-जो हो रहा है वहां तक पहुंचाएं, ताकि उन्हें भी थिएटर का मजा आए, संगीत का मजा आए। चंडीगढ़ में स्वयंसेवी संगठन वत्सल छाया चलाने वाली संगीता वर्धन की ओर से धनास में सरकारी स्कूल के बच्चों को क्रिएटिव तरीके से पढ़ाया जाता है। यहां उन्हें खेल-खेल में शिक्षा दी जाती है। इस दौरान खेर ने स्कूल में अलग-अलग क्लास रूम में चल रही कक्षाएं भी देखीं तथा छात्रों की ओर से बनाई गई प्रदर्शनी भी देखी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News