51 बरस का हुआ चंडीगढ़, कुछ इस तरह से मनाया जाएगा जश्न

punjabkesari.in Wednesday, Nov 01, 2017 - 07:58 AM (IST)

चंडीगढ़(राय) : आज चंडीगढ़ 51 वर्ष का होने जा रहा है। गुजरे 51 वर्षों में चंडीगढ़ ने बहुत कुछ खोया व पाया लेकिन नहीं बदली तो यहां की आबोहवा और सैलानियों का आना। इस बार सिटी ब्यूटीफुल के जन्मदिन को एक खास अंदाज में मनाया जा रहा है लेकिन सैलिब्रेशन से पहले की रात शहर में अंधेरा पसरा मिला। कहीं भी नहीं महसूस हुआ कि बुधवार को चंडीगढ़ का जन्मदिन है। 

 

‘पंजाब केसरी’ टीम ने मंगलवार की रात तीन घंटे तक चंडीगढ़ के मुख्य स्थलों का दौरा किया ताकि सैलिब्रेशन से पहले की रात की तैयारियां कैमरे में कैद की जा सकें। लेकिन हैरानी हुई कि शहर की मुख्य इमारत या चंडीगढ़ की पहचान कराते स्मारकों में अंधेरा पसरा हुआ था। सचिवालय, रेलवे स्टेशन, सिटको के होटलों, सुखना लेक, रॉक गार्डन, रोज गार्डन, नगर निगम और बाजारों में किसी तरह के सैलिब्रेशन का एहसास तक नहीं हुआ। यह सैलिब्रेशन एक से पांच नवंबर तक सैक्टर-17 के परेड ग्राऊंड में होगा। 

 

चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से शोबिज सैलिब्रेशन प्राइवेट लिमिटेड इसे आयोजित कर रहा है। एक ओर जहां चंडीगढ़ की विरासत का उत्सव मनाया जाएगा, वहीं दूसरी ओर कई तरह की एक्टिविटीज के माध्यम से शहर के यंगस्टर्स से कनैक्शन बढ़ाया जाएगा। मंगलवार को होटल जे.डब्ल्यू. मैरिएट में चंडीगढ़ प्रशासन के टूरिज्म डायरैक्टर जितेंद्र यादव और शोबिज सैलिब्रेशंस से मनमीत सिंह नरबीर सिंह ने इसकी जानकारी दी। इस दौरान चंडीगढ़ को समर्पित गीत का लॉन्च कर इवैंट की शुरुआत की गई। 

 

वरिष्ठ महिलाओं की मैराथन 1 से :
उन्होंने बताया कि पुरानी और लग्जरी कारों की रैलियां और वरिष्ठ महिलाओं की मैराथन 1 नवंबर से शुरू होगी। इस आयोजन पर शहर की शुरुआत से लेकर अब तक के सफर की दिलचस्प कहानी को एक शानदार पिक्चर गैलरी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। 

 

चंडीगढ़ आइकन पुरस्कार के माध्यम से उन लोगों का उत्सव मनाया जाएगा जो अपनी कड़ी मेहनत के साथ शहर के लिए प्रसिद्धि और गौरव लाए हैं। इसके अलावा लग्जरी लाइफ स्टाइल एग्जिबीशन, लग्जरी ऑटो शो चंडीगढ़ ऑटो एक्सपो सहित कई नए रियल एस्टेट प्रोजैक्ट्स को दिखाता रियल एस्टेट एक्सपो भी होगा। 

 

जितेंद्र यादव ने बताया कि हमने अढ़ाई महीने पहले ही इस इवैंट की घोषणा कर दी है। हम शहरवासियों की सलाह का वैलकम करते हैं कि वह इस सैलिब्रेशन को कैसा चाहते हैं। यह इवैंट हर शहरवासी को समर्पित है। कोशिश है कि ली कार्बुजिए के परिवार से भी कोई यहां आए। उनसे बातचीत जारी है। यूथ फोरम, स्कूल और कॉलेज के बच्चों के लिए कई तरह के कंपीटिशन आयोजित किए जाएंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News