हरियाणा में अब ब्रांड एम्बैसेडर का मुद्दा गर्माया

punjabkesari.in Thursday, Aug 25, 2016 - 01:14 PM (IST)

चंडीगढ़ (अविनाश): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजैक्ट ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का केंद्र बने हरियाणा में अब नया ब्रांड एम्बैसेडर नजर आएगा। हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज ने आज रियो से आते ही हरियाणा की सुल्तान साक्षी मलिक को इस अभियान की ब्रांड एम्बैसेडर नियुक्त करने का ऐलान कर दिया। विज के इस ऐलान के बाद अब ब्रांड एम्बैसेडर के मुद्दे पर अंदरूनी विवाद शुरू हो गया है। वजह साफ है कि इस अभियान के लिए हरियाणा सरकार पहले ही अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा को ब्रांड एम्बैसेडर  बना चुकी हैं। हालांकि एम्बैसेडर  बनने के बाद अभी तक सार्वजनिक तौर से हरियाणा में परिणीति की भागीदारी न के बराबर है।
 
माधुरी व परिणीति ब्रांड एम्बैसेडर बनने पर कभी नहीं आई हरियाणा...
 
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जनवरी, 2015 को पानीपत में हुए राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान फिल्म अभिनेत्री माधुरी दीक्षित को देश में बेटी बचाओ, बेटी-पढ़ाओ अभियान की राष्ट्रव्यापी ब्रांड एम्बैसेडर नियुक्त किया था। उस समय माधुरी दीक्षित को यह संकेत दिए गए थे कि वह हरियाणा में अपना समय देगी। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद माधुरी दीक्षित कभी हरियाणा नहीं आई। 
 
लिहाजा इस अभियान को हरियाणा में गति देने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा के अम्बाला की रहने वाली फिल्म अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा को हरियाणा की ब्रांड एम्बैसेडर नियुक्त कर दिया। परिणीति की इस नियुक्ति को लेकर हरियाणा में काफी विवाद भी हुआ था। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने परिणीति चोपड़ा की नियुक्ति पर आपत्ति भी जताई थी। 
 
सूत्रों की मानें तो नियुक्ति के बाद परिणीति ने भी केवल एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और उसके बाद वह कभी भी हरियाणा नहीं आई। परिणीति ने केवल अपनी नियुक्ति वाले कार्यक्रम में ही भाग लिया। सरकार के अधिकारिक सूत्रों की मानें तो परिणीति द्वारा इस अभियान में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई गई। जिसके चलते आज सरकार ने यह जिम्मेदारी रियो की रानी साक्षी को सौंप दी है। साक्षी मूलरूप से हरियाणा की हैं। इसलिए उनसे यह उम्मीद जताई जा रही है कि वह इस अभियान को आगेचला सकती हैं। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News