ट्रेन की AC बोगी में यात्री को चूहों ने काटा, रेलवे देगा जुर्माना

punjabkesari.in Wednesday, Oct 18, 2017 - 11:58 AM (IST)

रांची: ट्रेन की ए.सी. बोगी में यात्री को चूहों द्वारा काटने की सजा रेलवे को मिली है। रांची के जिला उपभोक्ता फोरम ने रेलवे पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। जुर्माने की राशि 7 दिन के अंदर भुगतान करने का आदेश दिया गया।

क्या है मामला
रांची निवासी प्रणय चंद्र सिन्हा हटिया-हावड़ा ट्रेन की प्रथम श्रेणी वातानुकूलित (ए.सी.) बोगी में 30 दिसम्बर, 2015 को हावड़ा गए थे। रात लगभग 12 बजे उन्हें लगा जैसे किसी ने इंजैक्शन दे दिया हो। उनकी नींद अचानक खुल गई। नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि बड़े-बड़े चूहे उन्हें काट रहे हैं। वे घबरा गए। उसने किसी तरह टी.टी.ई. को बुलाया और शिकायत दर्ज करवाई।

हावड़ा पहुंचने पर उन्होंने डॉक्टर से इलाज करवाया। वहां एंटी रेबीज का इंजैक्शन लगाया। रांची लौटने पर एंटी रेबीज के शेष अन्य इंजैक्शन भी लगवाए। इसके बाद उन्होंने जिला उपभोक्ता फोरम में रेलवे प्रशासन के खिलाफ  शिकायत देते हुए कार्रवाई करने की मांग की।

यह कहा फोरम ने
फोरम ने हटिया-हावड़ा ट्रेन की प्रथम श्रेणी वातानुकूलित (ए.सी.) बोगी में यात्री को रात में चूहों द्वारा काटने के मामले में रेलवे पर 1 लाख रुपए जुर्माना लगाया है। उपभोक्ता फोरम ने कहा कि यदि रेलवे ने निर्धारित समय-सीमा के अंदर जुर्माने की राशि का भुगतान नहीं किया तो उसे 12 प्रतिशत ब्याज के साथ जुर्माना अदा करना होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News