टमाटर हुआ और लाल, जानिए कितने बढ़े दाम?

punjabkesari.in Saturday, Nov 25, 2017 - 09:29 AM (IST)

नई दिल्लीः लाल टमाटर 2 साल से अपने उत्पादक किसानों के ही दांत खट्टे कर रहा है। पिछले साल बंपर पैदावार के कारण किसानों को सही दाम नहीं मिल सका और उन्हें घाटा उठाना पड़ा। 2016 के कड़वे अनुभव को देखते हुए इस बार किसानों ने टमाटर का रकबा घटा दिया। उम्मीद थी कि इस बार दाम अच्छे मिलेंगे लेकिन मौसम ने दगाबाजी कर दी। बार-बार मौसम के बदलते मिजाज ने फसल खराब कर दी। नतीजा उत्पादन प्रभावित हो गया और अब मार्कीट पर इसका असर साफ  देखा जा सकता है।

दिल्ली में भाव 80 रुपए किलो
राष्ट्रीय राजधानी के खुदरा बाजार में टमाटर का भाव 80 रुपए प्रति किलोग्राम की ऊंचाई पर पहुंच गया। आपूर्ति में कमी से टमाटर के दाम चढ़ रहे हैं। देश के अन्य हिस्सों में भी टमाटर के दाम चढ़ चुके हैं। व्यापार आंकड़ों के अनुसार प्रमुख उत्पादक राज्य कर्नाटक के बेंगलूर में टमाटर का खुदरा दाम 45 से 50 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच चुका है। मिजोरम के एजल में यह 95 से 100 रुपए किलो बिक रहा है।

90 प्रतिशत फसल हो चुकी खराब  
आजादपुर मंडी के टमाटर व्यापारी संघ के अध्यक्ष अशोक कौशिक ने कहा, ‘‘कर्नाटक और मध्य प्रदेश की हालिया बरसात की वजह से टमाटर की उपलब्धता कम हुई है।’’ उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में टमाटर की 90 प्रतिशत फसल खराब हो चुकी है। किसानों ने फिर से बुआई की है। इस फसल को आने में 15 से 20 दिन लगेंगे। आजादपुर मंडी में टमाटर 40 से 50 रुपए किलो बिक रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News