टाटा समूह को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे चंद्रशेखरनः रतन टाटा

punjabkesari.in Saturday, Jan 14, 2017 - 10:13 AM (IST)

नई दिल्लीः एन. चंद्रशेखरन को टाटा समूह का चेयरमैन नियुक्त किए जाने के एक दिन बाद रतन टाटा ने शुक्रवार को कहा कि उनका काम कठिन है, फिर भी वह ग्रुप को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि चंद्रशेखरन टाटा ग्रुप के मूल्यों की रक्षा करेंगे। रतन टाटा ने कहा कि चंद्रशेखरन 'बहुत क्षमतावान हैं और उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता को साबित किया है।' टाटा ने ट्वीट कर कहा, 'टाटा संस और ग्रुप का चेयरमैन नियुक्त होने पर मैं चंद्रा को बधाई देता हूं। उनकी नेतृत्व क्षमता को यह सबसे बड़ा सम्मान है।'

चंद्रशेखरन पर भरोसा जताते हुए टाटा ने कहा, 'उनका काम कठिन है। लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि वह ग्रुप के नैतिक मूल्यों की रक्षा करते हुए उसे नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।' नटराजन चंद्रशेखरन को गुरुवार को मुंबई में हुई टाटा संस बोर्ड की बैठक में चेयरमैन चुनने का फैसला लिया गया था। 24 अक्टूबर को पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री को अपदस्थ किए जाने के बाद से ही इस पर उपयुक्त उम्मीदवार की तलाश थी। मिस्त्री को अपदस्थ करते हुए रतन टाटा ने अंतरिम चेयरमैन के तौर पर समूह की कमान संभाल ली थी।

चंद्रा के नाम से लोकप्रिय 54 वर्षीय नटराजन 21 फरवरी से करीब 7,00,000 करोड़ रुपए की पूंजी वाले इस दिग्गज कारोबारी समूह की कमान संभालेंगे। टाटा ग्रुप के 150 साल के इतिहास में यह पहला मौका है, जब किसी गैर-पारसी व्यक्ति को समूह की कमान सौंपी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News