दिल्ली वालों को रुला रहा प्याज, 80 रुपए किलो पर पहुंचे दाम

punjabkesari.in Tuesday, Nov 28, 2017 - 04:27 PM (IST)

नई दिल्लीः कम आपूर्ति के चलते राष्ट्रीय राजधानी में प्याज की खुदरा कीमतें 80 रुपए प्रति किलो के स्तर को छू गई। प्याज के दाम में इसी तरह का उछाल दूसरे शहरों में देखा गया। कारोबारी आंकड़ों से यह जानकारी प्राप्त हुई। आंकड़ों के मुताबिक गुणवत्ता और इलाके के आधार पर अन्य मेट्रो शहरों में प्याज 50 से 70 रुपए प्रति किलोग्राम पर बेचा जा रहा है। एक कारोबारी ने कहा कि एशिया की सबसे बड़ी सब्जी मंडी, आजादपुर मंडी में प्याज की कीमतें 50 से 60 रुपए किलो से ऊपर बोली जा रही है जबकि खुदरा में इसी प्याज के दाम आज 80 रुपए प्रति किलोग्राम है।

महाराष्ट्र, कर्नाटक और मध्य प्रदेश जैसे प्रमुख प्याज उत्पादक राज्यों से कम आवक के कारण प्याज की थोक एवं खुदरा कीमतें उच्च स्तर पर हैं। एशिया की सबसे बड़े प्याज बाजार, महाराष्ट्र की लासलगांव मंडी से प्याज की आवक 47 प्रतिशत गिरकर आज 12,000 क्विंटल रह गई जबकि पिछले साल इस दौरान यह आंकड़ा 22,933 क्विंटल था। राष्ट्रीय बागवानी अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (एन.एच.आर.डी.एफ.) के आंकड़ों के मुताबिक आज लासलगांव मंडी में प्याज 33 रुपए प्रति किलो में बिका, इसके मुकाबले पिछले साल इसी दिन प्याज के दाम 7.50 रुपए प्रति किलो था। इस दौरान, सरकार ने एम.एम.टी.सी. को 2,000 टन प्याज आयात करने और नेफेड और एस.एफ.ए.सी. को आपूर्ति बढ़ाने के लिए स्थानीय स्तर पर 12 हजार टन प्याज खरीदने का निर्देश दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News