पई का सिक्का पर हमला, कहा-मूर्ति का नाम लेकर छिपा रहे हैं अपनी नाकामी

punjabkesari.in Tuesday, Aug 22, 2017 - 09:55 AM (IST)

बेंगलुरूः इन्फोसिस के मुख्य वित्त अधिकारी मोहनदास पई ने कंपनी में संकट के लिए सह-संस्थापक एन आर नारायणमूर्ति पर आरोप लगाने को लेकर कार्यकारी उपाध्यक्ष विशाल सिक्का की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि अपने खराब प्रदर्शन को छिपाने के लिए सिक्का ने ऐसा किया। उन्होंने कहा कि कार्यकारी उपाध्यक्ष के रूप में सिक्का की नियुक्ति को लेकर कंपनी संचालन के मामले में सवाल भी खड़ा हुआ है। ई-मेल के जरिए यह पूछे जाने पर कि क्या सिक्का ने अपने खराब प्रदर्शन को छिपाने के लिए सभी आरोप नारायणमूर्ति पर लगाए हैं, पई ने कहा, ‘‘हां, यह सही है। उन्होंने (सिक्का) ने खुद यह बात स्वीकार की है कि वह फरवरी से कंपनी छोड़ना चाहते थे। वह नारायणमूर्ति पर आरोप लगाकर लक्ष्य हासिल करने को लेकर अपनी खुद की विफलता को छिपा रहे हैं।’’
PunjabKesari
सिक्का के इस्तीफे के बाद कंपनी पर संकट
सिक्का के इस्तीफे से इन्फोसिस का संकट बढ़ गया है। कंपनी सी.ई.ओ. की खोज समेत कई मुद्दों का सामना कर रही है। उल्लेखनीय है कि कंपनी के पूर्व प्रबंध निदेशक और सी.ई.ओ. सिक्का ने नारायणमूर्ति के साथ महीनों से चल रही कटुता के बाद पिछले सप्ताह इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इसके लिए दुर्भावनापूर्ण और व्यक्तिगत हमलों को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, उन्होंने इस्तीफे के लिए नारायणमूर्ति का नाम नहीं लिया। दस अरब डॉलर की कंपनी के निदेशक मंडल ने सिक्का के अचानक इस्तीफे के लिये तथ्यात्मक रूप से गलत और खारिज की जा चुकी अफवाहों के साथ निरंतर हमले को लेकर नारायणमूर्ति को जिम्मेदार ठहराया। पई ने कहा कि कार्यकारी उपाध्यक्ष के रूप में सिक्का की नियुक्ति करने से कंपनी संचालन का मुद्दा खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कंपनी में पहले से चेयरमैन (आर शेषासाई) और सह-अध्यक्ष (रवि वेंकटेशन) हैं, ऐसे में इससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘कंपनी में चेयरमैन हैं, एक सह-अध्यक्ष, एक कार्यकारी सह-अध्यक्ष और कार्यकारी सी.ई.ओ. है। इससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News