नियुक्ति योजनाओं में भारतीय कंपनियां 8वें स्थान पर

punjabkesari.in Tuesday, Mar 13, 2018 - 04:48 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय कंपनियां इस साल अप्रैल- जून की तिमाही के दौरान अपने यहां नियुक्तियों की संभावना के संदर्भ में वैश्विक स्तर पर सबसे आशावान कंपनियों में आठवें स्थान पर हैं। एक सर्वेक्षण में यह जानकारी दी गई है। मानव संसाधन कंपनी मैनपावर ग्रुप के एक सर्वेक्षण के अनुसार,  क्रोएशिया इस सूची में शीर्ष पर रहा है। इस सर्वे के अनुसार भारत में 16 प्रतिशत कंपनियों ने कहा कि वे अगली तिमाही में नई नियुक्तियां कर सकती हैं।

इस सर्वेक्षण के लिए 43 देशों की 58 हजार कंपनियों का साक्षात्कार किया गया। क्रोएशिया को इसमें पहली बार शामिल किया गया। सर्वेक्षण के अनुसार, देश में सभी चार क्षेत्रों तथा सेवा, वित्त, रियल एस्टेट, विनिर्माण समेत सात औद्योगिक क्षेत्रों में नियुक्तियों का परिदृश्य सकारात्मक है। मैनपावर ग्रुप इंडिया के प्रबंध निदेशक ए. जी. राव ने कहा, ‘‘भारत में नौकरी तलाश रहे लोगों को अप्रैल- जून के दौरान सकारात्मक श्रम बाजार का फायदा मिलने का अनुमान है। आने वाले समय में प्रौद्योगिकी श्रम बाजार की रूपरेखा को बदल देगी और लोगों को नौकरी में बने रहने के लिए नए  कौशल अपनाने की जरूरत होगी।’’ राव ने कहा कि 2018 में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस तथा मशीन लर्निंग जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों में कुशल लोगों की मांग में तेजी देखी जाएगी।        


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News