सोना-चांदी की कीमतें एक महीने के उच्चतम स्तर पर

punjabkesari.in Saturday, Dec 30, 2017 - 03:21 PM (IST)

नई दिल्लीः अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पीली धातु के 1,300 डॉलर के पार पहुंच जाने से आज दिल्ली सर्राफा बाजार में भी सोना 175 रुपए चमककर एक महीने के उच्चतम स्तर 30,400 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। लगातार सात कारोबारी दिवसों में से छह में सोना चढ़ा है जबकि शुक्रवार को इसमें 25 रुपए की मामूली गिरावट रही थी। चांदी में लगातार सात दिन तेजी रही। इस दौरान यह 1,760 रुपए की छलांग लगा चुकी है। सफेद धातु आज 280 रुपए की बढ़त में एक महीने के उच्चतम स्तर 39,980 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही।

विदेशों में सप्ताहांत पर बाद के कारोबार में सोना 1,300 डॉलर के पार पहुंच गया। सोना हाजिर 9.10 डॉलर की मजबूती के साथ 1,302.80 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। फरवरी का अमरीकी सोया वायदा भी 7.09 डॉलर चढ़कर 1,305.10 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर पड़ने से सोने के दाम बढ़े हैं। इससे अन्य मुद्राओं वाले देशों के लिए इसका आयात सस्ता हो जाता है। परिणामस्वरूप मांग बढ़ती है और कीमतों में तेजी आती है। वैश्विक स्तर पर चांदी हाजिर भी सप्ताहांत पर 0.10 डॉलर चमककर 16.91 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News