कंपनियों के तिमाही परिणाम तय करेंगे बाजार की दिशा

punjabkesari.in Sunday, Apr 23, 2017 - 11:26 AM (IST)

मुंबईः भू-राजनैतिक तनाव के बीच बीते सप्ताह गिरावट में रहने के बाद आने वाले सप्ताह में घरेलू शेयर बाजारों का रुख रिलायंस इंडस्ट्रीज, विप्रो और मारुति सुजुकी जैसी दिग्गज कंपनियों के साथ कई बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों पर निर्भर करेगा, साथ ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भू-राजनैतिक परिस्थितियों की प्रगति भी इसे प्रभावित करेगी। बी.एस.ई. का सैंसेक्स गत सप्ताह 0.32 प्रतिशत यानी 6.15 अंक की गिरावट में रहा और सप्ताहांत पर 29,365.30 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 0.34 प्रतिशत यानी 31.40 अंक लुढ़ककर ,119.40 अंक पर रहा। अमरिका और उत्तर कोरिया के बीच जारी तनाव से बाजार पर दबाव रहा जिससे 5 कारोबारी दिवसों में से 3 में सैंसेक्स में गिरावट देखी गयी। हालांकि, निवेशकों ने बड़ी कंपनियों में बिकवाली कर मंझोली और छोटी कंपनियों में निवेश किया।


बी.एस.ई. का मिडकैप सूचकांक 0.95 प्रतिशत तथा स्मॉलकैप सूचकांक 1.91 प्रतिशत की बढ़त में रहे। सप्ताह की शुरुआत कमजोर रही। सैंसेक्स 47.7 अंक की गिरावट के साथ 29,413.66 अंक पर रहा। मंगलवार को शुरुआत में बढ़त बनाने के बाद सेंसेक्स अंतत 4.56 अंक गिर गया। बुधवार को 17.47 अंक की मामूली बढ़त में रहने के बाद गुरुवार को सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच यह 85.82 अंक चढ़ गया,  लेकिन, शुक्रवार को मुनाफा वसूली के दबाव में एक बार फिर इसमें गिरावट देखी गयी और यह 57.09 अंक टूटकर 29,365.30 अंक पर बंद हुआ। आने वाले सप्ताह में सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के तिमाही परिणाम आने हैं। मंगलवार को विप्रो, आई.डी.एफ.सी. बैंक और इंडियन बैंक के, बुधवार को लक्ष्मी विलास बैंक के, गुरुवार को मारुति सुजुकी, बायोकॉन, इंडिया बुल्स रियल इस्टेट, कोटक महिंद्रा 
बैंक और टी.वी.एस. मोटर्स तथा शुक्रवार को फेडरल बैंक और आई.डी.एफ.सी. के परिणाम जारी होंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News