अरुण जेतली ने कहा, GST सभी के लिए फायदेमंद

punjabkesari.in Wednesday, Jul 19, 2017 - 04:41 PM (IST)

नई दिल्लीः वित्त मंत्री अरुण जेतली ने माल एवं सेवाकर (जी.एस.टी.) को सभी के लिए बेहतर बताते हुए आज कहा कि इससे कर का दायरा बढ़ने के साथ ही इंस्पेक्टर राज समाप्त होगा और वस्तुओं के दाम भी कम होंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय दल की यहां हुई बैठक में जी.एस.टी. को देश के लिए फायदेमंद बताते हुए जेतली ने कहा कि 1 जुलाई को जी.एस.टी. लागू होने के बाद से वस्तुओं के दाम चार से आठ प्रतिशत तक कम हुए हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद उपस्थित थे।

मोदी की विदेश यात्रा की दी जानकारी
संसदीय मामलों के मंत्री अनंत कुमार ने बैठक के बारे में संवाददाताओं को जानकारी दी। इस बैठक में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सांसदों को मोदी की हाल की विदेश यात्राओं विशेष तौर से अमरीका और इस्राइल की यात्राओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जी.एस.टी. लोगों और राज्यों के हित में है। इससे राज्यों को 80 प्रतिशत राजस्व प्राप्त होगा जिससे उन्हें विकास कार्याे के लिए अच्छी मदद मिलेगी।

इंस्पेक्टर राज का खात्मा हुआ       
वित्त मंत्री ने कहा कि जी.एस.टी. लागू होने के बाद कर के ऊपर कर नहीं लगेगा और पूरे देश में माल का परिवहन बिना किसी अड़चन और बाधा के हो सकेगा। अनंत कुमार ने जेतली का हवाला देते हुए कहा कि जी.एस.टी. व्यवस्था में एक करोड़ से अधिक कंपनियां  पंजीकृत होने जा रही हैं। उन्होंने कहा, कर दायरे का विस्तार हुआ है। देश का बाजार एक बन गया है, इंस्पेक्टर राज समाप्त हुआ है और आम जनता पर कर बोझा कम हुआ है। यह सभी के लिए फायदेमंद है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News