यंग ग्लोबल लीडर्स की लिस्ट में 5 भारतीयों ने बनाई जगह

punjabkesari.in Saturday, Mar 18, 2017 - 01:39 PM (IST)

नई दिल्ली: विश्व आर्थिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) की 100 यंग ग्लोबल लीडर्स की सूची में पांच भारतीयों ने जगह बनाई है। इनमें पेटीएम के संस्थापक व सीईओ विजय शेखर शर्मा, द तमारा हॉस्पिटैलिटी की श्रुति शिबूलाल, ब्लिपर के संस्थापक व सीईओ अंबरीश मित्रा, फार्चून इंडिया के संपादक हिंडोल सेनगुप्ता, स्वानिती इनीशिएटिव की रित्विका भट्टाचार्य अग्रवाल शामिल हैं।

मार्च के अंत तक शुरु होगा पेटीएम बैंक
पेटीएम के सीईओ विजय शेखर शर्मा ने बताया कि मोबाइल वॉलेट सेवा देने वाली कंपनी पेटीएम मार्च के अंत तक देश में पेमेंट बैंक का परिचालन भी शुरू करने वाली है। उन्होंने बताया कि यह पेमेंट बैंक उन लाखों लोगों को बैंकिंग सेवा उपलब्ध कराने पर केंद्रित होगा जो अब तक इससे पूरी तरह या आंशिक रूप से वंचित हैं।

हॉस्पिटैलिटी वेंचर द तमारा की मुखिया श्रुति इंफोसिस के सह-संस्थापक एसडी शिबूलाल की बेटी हैं। अभी तमारा बेंगलुरु और केरल में काम कर रहा है। मित्रा के नेतृत्व वाली ब्लिपर एक मोबाइल फोन एप कंपनी है। इसका कारोबार डेढ़ अरब डॉलर का है।

हर वर्ष तैयार होती है लिस्ट
दक्षिण एशिया से इस सूची में नौ लोगों को जगह मिली है। इनमें से पांच भारत के हैं। इस सूची में अमरीका और यूरोप में रह रहे भारतीय मूल के कुछ और लोग भी जगह बनाने में सफल रहे हैं। डब्ल्यूईएफ हर साल दुनिया के 100 यंग ग्लोबल लीडर्स का चयन करता है। इनकी उम्र 40 साल से ज्यादा नहीं होती है। इनमें ऐसे लोगों को चुना जाता है जो नए नजरिए के साथ दुनिया की सबसे जटिल चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इस सूची में आधे लोग बिजनेस तो आधे नॉट-फॉर-प्रॉफिट सेक्टर से लिए गए हैं। इन्होंने अच्छा काम करके लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है।

ये लोग भी शामिल हैं इस लिस्ट में
इस सूची में पब्लिक सेक्टर से अजा ब्राउन को स्थान मिला है। वह कैलिफोर्निया के कांप्टन की सबसे युवा मेयर हैं। दुनियाभर में एप्पल के महात्वाकांक्षी क्लीन एनर्जी प्रोग्राम का नेतृत्व करने वाली केटी हिल को भी सूची में जगह मिली है। इसमें जीनोम एडिटिंग पर काम करने वाले विश्व के दो शीर्ष वैज्ञानिकों ने नाम भी हैं। इनमें ई-जेनेसिस बायोसाइंसेज के प्रमुख वैज्ञानिक लुहान यांग और एमआइटी और हार्वर्ड के बोर्ड के सदस्य फेंग झांग शामिल हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News