‘चीनी सपने’ को ध्यान में रखते हुए चीन में सख्ती

punjabkesari.in Monday, Jan 19, 2015 - 02:26 AM (IST)

(अतुल अनेजा) चीन के घूसखोरी तथा कट्टरवाद के विरुद्ध अभियान की कीमत लग्जरी बिक्री को चुकानी पड़ रही है जिस कारण निजी जैट्स के आर्डरों में कमी आई है जिसके साथ मकाऊ स्थित जुआ उद्योग के राजस्व में भी तीव्र गिरावट देखने को मिली है।

निजी जैट्स के आर्डरों में 2011 के बाद सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली है जिसका श्रेय सरकार के भ्रष्टाचार विरोधी तथा कट्टरवाद के विरुद्ध अभियान को दिया जा रहा है।

कम्युनिस्ट पार्टी आफ चाइना (सी.पी.सी.) से सम्बद्ध ग्लोबल टाइम्स के अनुसार 2012 से लेकर केन्द्रीय सरकार की इकाइयों की ओर से फ्लाइट आर्डर्स गिरकर शून्य पर आ गए हैं।

रिश्वतखोरी व मुनाफाखोरी के खिलाफ अभियान विस्तृत होने के साथ ही राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अवांछित कार्यशैलियों के खिलाफ भी युद्ध की घोषणा कर दी। इसका मुख्य निशाना सी.पी.सी. के सदस्य थे जिसका उद्देश्य आम लोगों को अधिकारियों के साथ पुन: जोडऩा था। दिलों तथा दिमागों को जीतने की लड़ाई सी.पी.सी. की प्रासंगिकता को बहाल करने के लिए शुरू की गई थी जिससे कई वर्षों के ढीले विकास के कारण खतरा पैदा हो गया था जिस कारण समाज में असमानता व असंतोष बढऩे लगा था।

चाइना डेली में छपे एक लेख में पेइचिंग स्थित एक थिंक टैंक के उपाध्यक्ष वांग युकाई ने कहा कि तथ्य यह है कि सी.पी.सी. की तार्किकता को भ्रष्टाचार के कारण हुए नुक्सान को सुधारने की जरूरत तीव्र विकास के पीछे छिप गई। ऐसा दिखाई देता है कि राष्ट्रपति को संकट की गहराई का अनुमान हो गया जो उनके द्वारा 2013 में शुरू किए गए अभियान से स्पष्ट दिखाई देता है जिसमें उन्होंने कहा है कि जनता का समर्थन जीतना अथवा हारना एक ऐसा मुद्दा है जो सी.पी.सी. के अस्तित्व अथवा बिखराव से जुड़ा है।

एक विश्वव्यापी धरपकड़ अभियान के दौरान गत वर्ष 71748 चीनी अधिकारियों को दंडित किया गया जिन्होंने नियमों का उल्लंघन किया था जिनमें सरकारी वाहनों का इस्तेमाल, जनता की कमाई से विदेश यात्राएं, उपहार लेना अथवा देना, स्वागत समारोहों में अत्यधिक खर्चा करना, शादियों व अंतिम संस्कारों पर विलासतापूर्ण खर्च तथा कई अन्य तरह की उल्लंघनाएं शामिल हैं।

चीन के अत्यंत सक्रिय सोशल मीडिया में निजी जैट्स का इस्तेमाल विशेष तौर पर आक्रामक मुद्दा बन गया है क्योंकि आम धारणा के अनुसार इसे समृद्ध व्यवसायियों तथा अधिकारियों के बीच सांठगांठ के तौर पर देखा जा रहा है।

ग्लोबल टाइम्स में उद्योगों के एक भीतरी व्यक्ति लिआओ शुएफेंग के हवाले से कहा गया है कि निजी विमान होने से व्यावसायिक लोगों के लिए सरकारी अधिकारियों से सम्पर्क बनाने का रास्ता खुल जाता है।

बीहांग यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड मैनेजमैंट के गाओ युआनयान का कहना है कि यदि किसी सरकारी अधिकारी को एक निजी जैट में मुफ्त सवारी करने का मौका मिलता है तो वह निश्चित तौर पर अपनी कार्यकारी शक्ति का दुरुपयोग करते हुए व्यवसायी की मदद करेगा, जो कानून के खिलाफ है।

ऐसा दिखाई देता है कि राष्ट्रपति शी के कट्टरवाद तथा मुनाफाखोरी पर ध्यान केन्द्रित करने से मकाऊ को भी चोट पहुंची है, जो जुए के लिए एक शीर्ष वैश्विक गंतव्य है। आधिकारिक आंकड़ों से खुलासा हुआ है कि 2014 के शुरू में वर्ष-दर-वर्ष आधार पर राजस्व में कमी आई जबकि जून में यह बहुत गिर गई। दिसम्बर में सबसे अधिक 30.4 प्रतिशत की गिरावट रही।

ऐसी सम्भावना है कि चीनी सरकार इन सिकुड़ते हुए आंकड़ों से प्रभावित नहीं होगी क्योंकि ‘चीनी सपने’ को प्राप्त करने का कहीं बड़ा राजनीतिक लक्ष्य दाव पर लगा है।

भ्रष्टाचार से आजादी ‘चीनी सपने’ का केन्द्र बिन्दू है जिसके अन्तर्गत इसे समानता, पारदर्शिता तथा उच्च नैतिक मानदंडों के आधार पर एक सभ्य चीन बनाना है। सामाजिक रूप से संयुक्त तथा पर्यावरण मित्र चीन के सपने के साथ राष्ट्रपति का सपना आर्थिक, सैन्य, वैज्ञानिक, राजनीतिक तथा कूटनीतिक रूप से सशक्त चीन का भी है। (हि.)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News